चेकअप के दौरान मासूम के दिल में छेद मिला
गढ़मुक्तेश्वर। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रहीं स्वास्थ्य योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। जांच के दौरान एक मासूम के दिल में छेद मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी खर्च पर आपरेशन कराया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गढ़ सीएचसी की टीम ने क्षेत्र के गांव हशूपुर के आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छह वर्ष तक के छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की गईं। टीम के नोडल अधिकारी डॉ. सुहेल नेे बताया कि चैकअप के दौरान पप्पी के पांच वर्षीय बेटे श्रेयांश के दिल में छेद की जानकारी मिली। डॉ. सुहेल ने बताया कि उपचार में मोटी रकम खर्च न कर पाने के चलते परिजनों ने आपरेशन कराने से इंकार कर दिया। शासन द्वारा चलाई जा रही योजना के तहत निशुल्क उपचार की जानकारी मिलने के बाद छात्र के परिजन तैयार हो गए। जिसके बाद श्रेयांस को गढ़ सीएचसी लाया गया। जहां से सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश भारती ने छात्र को नोएडा के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉ भारती ने बताया कि मंगलवार की दोपहर एसएसपीजी अस्पताल के चिकित्सकों की टीम के साथ डॉ. सुहेल खान, डॉ. परवीन शर्मा, डॉ. मयंक ने बच्चे के दिल का सफल आपरेशन किया। जो आपरेशन के बाद पूरी तरह स्वस्थ है।