कोयले की रैक उतरने से परेशानी
गढ़मुक्तेश्वर। रेलवे स्टेशन पर कोयले की रैक उतरने से परेशान कॉलोनी वासियों ने रेल मंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रैक उतरने पर रोक लगाने की मांग की है।
समाजसेवी पंकज लोधी के नेतृत्व में इंद्रा कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को केंद्रीय रेल मंत्री के नाम तहसीलदार सुरेंद्र सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर पिछले कई महीनों से कोयले की रैक उतारी जा रही है। इससे तीर्थ नगरी में प्रदूषण बढ़ने के साथ सांस संबंधी बीमारी भी बढ़ रही हैं। ज्ञापन देने वालों का कहना है कि कोयले की रैक उतरने के चलते घरों में हर तरफ कालिख छाई रहती है, वातावरण में हर समय धुंध सी छाई रहती है। इिससे टीबी, दमा और एलर्जी जैसी बीमारियों से लोग परेशान हो रहे हैं। साथ ही दैनिक यात्रियों, गंगा नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। महिलाओं और पुरुषों ने रेल मंत्री से गढ़ रेलवे स्टेशन पर कोयले की रैक न उतारे जाने की मांग की है, ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके। ज्ञापन देने वालों में आरती वर्मा, विमला, पुष्पा, कंचन, सविता,पिंकी, संतोष देवी, बबीता, कमलेश, माया, रेनू, मीता, सरोज, नितेश कुमार, राजेश समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।