प्रदूषण फैला रही मैटल फैक्ट्री सील
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू आलोक कालोनी में प्रदूषण फैला रही एक मैटल फैक्ट्री को एसडीएम के निर्देश पर सीज कर दिया गया। प्रदूषण फैलाने की शिकायत पर फैक्ट्री को प्रदूषण विभाग द्वारा दो बार शहर से बाहर स्थापित करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन आदेशों का पालन नहीं किया गया।
नगर के मोहल्ला न्यू आलोक कालोनी में रिहायसी इलाके में लंबे समय से मैटल फैक्ट्री चल रही थी। लोगों ने प्रदूषण फैलने पर तहसील दिवस के अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। इसके बाद जिलाधिकारी अदिति सिंह के निर्देश पर एसडीएम सदर सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में समिति गठित की गई। मैटल फैक्ट्री विजय मेटल कंपनी के खिलाफ जांच शुरू की गई। एसडीएम सदर सत्य प्रकाश, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका जेके आनंद, प्रदूषण विभाग के अधिकारी तथा उद्योग केंद्र के अधिकारी द्वारा शुक्रवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए फैक्ट्री का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पर संबंधित कंपनी के द्वारा बड़े स्तर पर लकड़ी जलाकर प्रदूषण फैलाया जाना पाया गया। बड़ी बात है दो बार नोटिस के बाद भी फैक्ट्री शहर से बाहर स्थापित नहीं की गई। इस पर एसडीएम सत्य प्रकाश ने बताया कि फैक्ट्री को सीज कर दिया।