फतेहपुर मतनौरा में बदहाल है स्वास्थ्य उप केंद्र
हापुड़। गांव फतेहपुर मतनौरा में बना स्वास्थ्य उपकेंद्र अफसरों की अनदेखी के कारण बदहाल है, यहां मरीजों को उपचार तो दूर बीते 10 साल से एएनएम की तैनाती तक नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष ने इस मामले में सीएमओ को अवगत कराया है।
गांव निवासी सुमित मावी व कपिल मावी ने बताया कि दस साल पहले गांव में स्वास्थ्य उप केंद्र खोला गया था। इसके निर्माण से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की आस जगी थी। लेकिन स्वास्थ्य अफसरों की अनदेखी के कारण इस अस्पताल में किसी कर्मचारी व चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है।
आलम यह है कि अस्पताल परिसर में कूड़ा, उपले रख दिए गए हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर मंगलवार को स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत हूण ने अस्पताल का निरीक्षण कर, ग्रामीणों की समस्या को सुना। इस मामले में उन्होंने सीएमओ को अवगत करा, जल्द यहां चिकित्सकों की तैनाती कराने की अपील की है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजवीर सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य उप केंद्र का निरीक्षण कर, वहां एएनएम की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करायी जाएगी।