रेलवे की मनमानी पर भड़की भाकियू
हापुड़। रेलवे द्वारा गांव श्यामनगर के सामने नाले व पटरी के बीच गलत तरीके से स्लिपर गाड़ने के विरोध में भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। सोमवार को विभाग के निर्माण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर राहत दिलाने की मांग उठाई है। राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण व नगर अध्यक्ष राजवीर सिंह भाटी ने बताया कि रेलवे ने अपने शिजरे के अनुसार नपाई नहीं की, जबकि गलत तरीके से स्लिपर गाड़ दिए हैं। जिसके चलते नाले की पटरी को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है, ग्रामीणों को भी इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने बैठक कर रणनीति बनाई, बाद में उत्तर रेलवे के निर्माण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द भूमि की सही नपाई कर स्लिपरों को न हटाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में राधेलाल त्यागी, राजेंद्र सिंह, महेंद्र त्यागी, जयकरण भाटी, सुधाकर त्यागी, विनोद त्यागी, सुधीर त्यागी, रामकुमार आर्य, शिवदीप त्यागी, जयकरण भाटी, महेंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।