ठेला लगाने को लेकर दो दुकानदारों में मारपीट
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में ठेला लगाने को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। दोनों में मारपीट से बाजार में अफरा तफरी मच गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।
नगर के लज्जापुरी निवासी नरेंद्र व रामलीला मैदान निवासी हरजीत रविवार बाजार में ठिया लगाते हैं। रविवार को रामलीला मैदान में लगने वाली साप्ताहिक पैठ में ठेला लगाने को लेकर दोनों में कहासुनी हो गयी। कुछ ही देर में दोनों में लात घूसों से मारपीट होने लगी। मारपीट होता देखकर मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।