तलाक की धमकी पर दूल्हे को बंधक बनाने का मामला गर्माया
गढ़मुक्तेश्वर। फैसला होने के बाद भी पुलिस द्वारा लूटपाट समेत बलवे का केस दर्ज करने से तलाक की धमकी पर दूल्हे को बंधक बनाने का मामला गरमा गया है। 32 नामजद समेत 22 अज्ञात लोगों को आरोपी बना पुलिस तलाश में जुटी।
जनपद मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव अजराड़ा के एक युवक की शादी सिंभावली क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी, जो ईद का सलाम करने के साथ ही पत्नी को घर ले जाने के मकसद से 6 जून को ससुराल में आया था। किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी होने पर तलाक की धमकी दिए जाने से गुस्साए ससुराल वालों ने हंगामा करते हुए युवक को बंधक बना लिया था। सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर आ गए थे, जहां युवक के ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को बंधन मुक्त करा थाने में ले आई थी। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर पति पत्नी के बीच तलाक होने के बाद सामान की वापसी भी हो गई थी। लेकिन पुलिस द्वारा बलवे का केस दर्ज करने से उक्त मामला फिर से गरमा गया है, क्योंकि अजराड़ा निवासी जब्बार की तहरीर पर पुलिस ने 32 नामजद और 22 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, जान से मारने की धमकी समेत रकम लूटने का केस दर्ज कर लिया है।
एसओ नीरज कुमार का कहना है कि ससुराल में होने आए बेटे को बंधक बनाए जाने की खबर पर आए परिजनों ने अपने साथ भी मारपीट और रकम लूटने की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर 32 नामजद और 22 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है, जिसमें दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।