दहेज मांगने पर दूल्हे को बनाया बंधक
गढ़मुक्तेश्वर। दहेज के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने से नाराज ससुराल पक्ष ने दूल्हे समेत उसकी मां व मौसी को बंधक बना लिया। दूल्हे पक्ष के परिजनों से ससुरालियों ने दो लाख और दहेज में दिया गया सामान मांगने के अलावा बेटी को तलाक देने की भी मांग की। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका।
गढ़ क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी रविवार को जनपद मेरठ के युवक के साथ हुई थी, जो पत्नी को लेने के लिए अपनी मां और मौसी के साथ मंगलवार की दोपहर को ससुराल में आया था। जहां ससुराल वालों ने दूल्हे समेत उसकी मां और मौसी को बंधक बनाकर इस संबंध में उनके परिजनों को सूचना भेज दी। सूचना मिलते ही परिजनों समेत कई रिश्तेदार गांव में आ गए। वार्ता के दौरान लड़की वालों ने पहले ही दिन बेटी को भूखा रखकर प्रताड़ित कर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए समझौता करने से साफ इंकार कर दिया। लड़की वालों ने बेटी को उपहार स्वरूप दिए गए सामान और शादी में खर्च हुई दो लाख की रकम के साथ ही बेटी को तलाक देने की मांग कर दी। वहीं लड़के के परिजनों का कहना है कि उनकी आर्थिक हालत बेहद खराब है, जिसके चलते वे इतनी रकम देने में पूरी तरह असमर्थ हैं। इंस्पेक्टर एचआर यादव का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।