फोटो संख्या--02
भाकियू ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को बनाया बंधक
- किसानों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को खत्म करने की मांग
- जिले में विभाग के एक्सईएन की तैनाती न होने पर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। किसानों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने से नाराज भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सिंचाई विभाग में जोरदार प्रदर्शन किया। वहां मौजूद एसडीओ को बंधक बना लिया। लगभग एक घंटे तक हंगामा होने के बाद अधिकारियों द्वारा आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने बताया कि हापुड़ को जिला बने आठ वर्ष से अधिक समय हो चुका है। लेकिन सिंचाई विभाग के कार्यालय में अभी तक भी एक्सईएन की तैनाती नहीं है।
जिले के किसानों को कार्य निपटाने के लिए मेरठ के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इतना ही नहीं किसानों के ऊपर सिंचाई विभाग द्वारा फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए हैं, जिन्हें वापस न लिया गया तो किसान आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को बंधक बना लिया। करीब एक घंटे तक हंगामा जारी रहा, जल्द राहत का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ता शांत हुए। इस संबंध में डीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस मौके पर राजवीर सिंह भाटी, राजेंद्र सिंह, रामकुमार आर्य, अनिल हूण, योगेश त्यागी, महेंद्र सिंह, सुबीश त्यागी, रवि भाटी, विनोद त्यागी, सुधाकर त्यागी, जयकरण सिंह, जितेंद्र, करतार सिंह, राजू, शिवदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।