एनडीआरएफ टीम ने चलाया सर्च अभियान
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा में डूबे दो युवकों की तलाश में गाजियाबाद से एनडीआरएफ टीम भी ब्रजघाट पहुंच गई है। जिसमें गोताखोर, तैराक, मेडिकल फस्र्ट रिस्पोंडर, सर्च और रेस्क्यू दल शामिल है।
ब्रजघाट की दूसरी साइड में जनपद अमरोहा के कच्चे घाट पर स्नान करने के दौरान सोमवार की दोपहर को डूबे एक ही परिवार के दस सदस्यों में पांच की मौत और दो के लापता होने की दर्दनाक घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार शाम को एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची तथा उन्होंने सर्च अभियान चलाया। देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
ज्येष्ठ दशहरा मेले तक ब्रजघाट में रहेगी एनडीआरएफ
ब्रजघाट में प्रारंभ हुए तीन दिवसीय ज्येष्ठ दशहरा मेेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी गाजियाबाद की 41 वीं वाहिनी से जुड़ी एनडीआरएफ को सौंपी गई है। डेढ़ सेक्शन सदस्यों वाली टीम ने देर शाम को ब्रजघाट पहुंचकर पड़ाव डाल लिया है, जो पूरी तरह आधुनिक साजो सामान से लैस है। इनके पास प्राथमिक उपचार देने के लिए मेडिकल फर्स्ट रिस्पाॅंडर सदस्य, सर्च एंड रेस्क्यू टीम शामिल है। टीम के पास डीप डाइविंग सूट, रबर बोट, सीएसएसआर प्रणाली से जुड़े सभी उपकरण भी उपलब्ध हैं।