विकास कार्यों की जांच के लिए नवादा पहुंचे अधिकारी
हापुड़। क्षेत्र के गांव नवादा में विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर सोमवार को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव नवादा निवासी बलवीर सिंह पुत्र मंगला ने बताया कि उन्होंने गांव में हुए विकास कार्यों की अनियमितताओं की शिकायत डीएम से की थी। शिकायत के बाद डीएम ने सात मई को जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की अवर अभियंता ज्योति अरोड़ा की कमेटी गठित कर उन्हें जांच के आदेश दिए थे। सोमवार को दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। टीम ने इंटरलॉकिंग खड़ंजों, लाइटों डस्टबिन और दूसरे विकास कार्यों व तालाबों के सौंदर्यीकरण की जांच की। जांच के दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। टीम में शामिल कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।