पिता की मौत पर बेटी को मिली जमीन जायदाद पर अवैध कब्जे की कोशिश
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ की नई बस्ती मंडी चौक में रहने वाली डोलिका राज ने सीएम को शिकायती पत्र भेजा है, जिसमें उल्लेख किया है कि पिता राजेंद्र सिंह उर्फ आरके लाल 22 फरवरी 2019 को अपनी समस्त चल अचल संपत्ति की रजिस्टर्ड वसीयत उसके हक में की थी।
30 मार्च को कैंसर से पीड़ित पिता की मौत होने पर मोहल्ले में रहने वाली मेरठ की एक महिला ने खुद को उनकी पत्नी दर्शाते हुए फर्जी आधार, राशन कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों के सहारे उनका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया है। जिसका पता ऑनलाइन मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को किए गए आवेदन के दौरान लगने पर उसने पहले बनाए गए मृत्यु प्रमाण पत्र को निरस्त कराने के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया हुआ है। डोलिका राज का कहना है कि अपने आपको मेरे पिता की पत्नी बताने वाली महिला दबंग भूमाफियाओं से सांठगांठ कर चल अचल संपत्ति को बेचने की फिराक में जुटी हुई है, जिसने चार अप्रैल को कई लोगों के साथ घर में घुसकर उस पर हमला भी किया था, जिसकी रिपोर्ट गढ़ कोतवाली में दर्ज कराई हुई है। युवती ने फर्जीवाड़े के सहारे अपने पिता की चल अचल संपत्ति पर कब्जा जमाने की कवायद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ ही उसकी सुरक्षा दिलाने की गुहार भी लगाई जाए।
सीओ अशोक शुक्ल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है, जिसमें सच्चाई सामने आने पर आगे की कार्रवाई होगी।