किसानों को प्रमाणित बीज बेच कर चूना लगा रहे दुकानदार
हापुड़। जिले में कुछ दुकानदार कृषि संबंधी प्रमाणित बीज को आधारित के दाम पर बेचकर किसानों से मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। इस तरह की शिकायतें अब शासन स्तर तक पहुंचने पर स्थानीय अफसरों में हड़कंप मच गया है। शासनादेश पर विभागीय अफसरों ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर औचक निरीक्षण का निर्णय लिया है। वहीं बिना लाइसेंस वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
गेहूं कटाई के बाद अब चारा बुवाई का समय शुरू हो गया है। मौके का फायदा उठाकर जिले के कुछ बीज विक्रेताओं ने किसानों को ठगने की तैयारी भी शुरू कर दी हैं। प्रमाणित बीजों को आधारित के दाम बेचकर किसानों को चूना लगाया जाता है।
दुकानदार को मुंह मांगे पैसे देने के बावजूद भी अच्छी फसल न होने से किसान काफी परेशान होते हैं। इस संबंध में काफी शिकायतें भी की जाती हैं। लेकिन स्थानीय स्तर पर इन्हें अनसुना कर दिया जाता है।
अब यह शिकायतें शासन तक पहुंच गई हैं, इसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने कृषि अधिकारियों को संघन अभियान चलाकर ऐसे दुकानदारों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- ये होते हैं प्रमाणित बीज-
प्रमाणित बीज वह होते हैं जो लगातार तीन वर्ष तक बोये जा चुके होते हैं। इनके अंकुरण की क्षमता कुछ कम हो जाती है।
-आधारित बीज-
आधारित बीज वह होते हैं जो तैयार करने के बाद पहली बार बोये जाते हैं। इनके उत्पादन की क्षमता बहुत ज्यादा होती है। इन बीजों की बुवाई से किसानों को अच्छा लाभ होता है।
जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह का कहना है कि प्रमाणित बीजों को आधारित के दाम पर नहीं बेचा जा सकता है। किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। शासनादेश पर संघन अभियान चलाकर कार्रवाई की जायेगी।