एग्जिट पोल पर हापुड़ में राजनीति गर्म
हापुड़। टीवी चैनलों पर एग्जिट पोल में एनडीए को बेशक बहुमत दिखाया जा रहा हो लेकिन हापुड़ जिले से जुड़े तीनों लोकसभा सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह बात अलग है कि एग्जिट पोल के बाद भाजपाइयों में जोश है। जबकि कांग्रेसी हार के डर से मायूस हैं। उधर, गठबंधन समर्थक दावा करने लगे हैं कि उक्त तीनों सीट उनके प्रत्याशी जीत रहे हैं। हालांकि असल तस्वीर 23 मई को ही साफ होगी।
फिलहाल मेरठ, अमरोहा और गाजियाबाद लोकसभा सीट भाजपा के पास थी। इनमें गाजियाबाद सीट पर जनरल वीके सिंह करीब पांच लाख रिकार्ड मतों से जीते थे। हालांकि इस बार यह माना जा रहा है कि इन सीटों पर हार जीत का अंतर काफी कम रहेगा।
हापुड़ से भाजपा विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़ से कमल सिंह मलिक और सपा से भाजपा में आए पूर्व विधायक धर्मेश तोमर का दावा है कि उन्हें पहले से उम्मीद है कि तीनों सीट भाजपा ही जीतेगी। जबकि कांग्रेस के पूर्व विधायक गजराज सिंह और जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन का कहना है कि कांग्रेस ने बिना किसी बैसाखी के चुनाव अपने बलबूते पर लड़ा है। उनका दावा है कि हार या जीत तो चुनाव में होती ही है। लेकिन इस बार कांग्रेस पहले से मजबूत होगी। चुनाव परिणामों का इंतजार करें। हापुड़ नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन सतीश मित्तल, सपा के जिलाध्यक्ष सुबोध नागर और बसपा के जिलाध्यक्ष सतीश प्रधान का कहना है कि हापुड़ जिले से जुड़ी तीनों लोकसभा सीटों पर गठबंधन प्रत्याशी काफी मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने तीनों सीटों पर जीत का दावा किया है।