भूमिगत केबिल में फाल्ट होने से छह घंटा आपूर्ति बाधित
गढ़मुक्तेश्वर। भूमिगत केबिल में फाल्ट होने से गढ़ ब्रजघाट समेत दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई आठ घंटा गुल रही, जिससे उमस भरी गर्मी में महिला बच्चे बुजुर्ग और मरीजों का बुरा हाल रहा। बिजली नहीं आने के चलते लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा।
तापमान में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के बीच बिजली की बेरुखी अपना रंग दिखाने लगी है। सिंभावली के बड़े बिजलीघर से आ रही हाईटेंशन लाइन के भूमिगत केबिल में हाइवे किनारे गांव बदरखा के पास शुक्रवार की दोपहर को फाल्ट हो गया, जिसके चलते दोपहर करीब एक बजे से लेकर देर शाम सात बजे तक बिजली सप्लाई पूरी तरह गुल रही। इस दौरान उमस भरी गर्मी में महिला-बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों समेत हर किसी का बुरा हाल हो गया।
बर्फ की कीमत में तीन गुना तक हुआ इजाफा
- तपिश भरी गर्मी के इस दौर में छह घंटों तक बिजली न आने पर इनवर्टर भी जवाब दे गए। इससे उमस भरी गर्मी में गला तर करने के लिए लोगों को बाजार से बर्फ खरीदकर लाने को मजबूर होना पड़ा। उपलब्धता के मुताबिक डिमांड बढ़ने पर बर्फ बेचने वालों की खूब चांदी रही। मौके की नजाकत को भांपकर उन्होंने तीन गुना तक अधिक रेट में बर्फ की बिक्री की।
कोट
एसडीओ हरि सिंह का कहना है कि सिंभावली के बड़े बिजलीघर से आ रही लाइन के भूमिगत केबिल में गांव बदरखा के पास फाल्ट होने से बिजली सप्लाई बाधित रही थी, जिसकी मरम्मत कराकर सप्लाई पूरी तरह सुचारु करा ली गई है।