एंबुलेंस की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, दो घायल
गढ़मुक्तेश्वर। हाइवे पर तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर लगने से ऑटो चालक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। वहीं लोगों ने एंबुलेंस चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
जनपद गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र निवासी सतबीर का बेटा नीरज (25वर्ष) रविवार की रात अपने साथी गौरव और राहुल के साथ ऑटो से ब्रजघाट से गंगा जल भरने के लिए आ रहा था। हाइवे पर गांव अठसैनी ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो चला रहा नीरज सड़क पर जा गिरा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे की तरफ बैठे गौरव और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल मे भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। नीरज की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर आरके राठी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई अक्षय की तहरीर के आधार पर एंबुलेंस चालक आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक को गिरफ्तार कर एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया गया है।