कोई अधिकारी नहीं पहुंचा काठीखेड़ा
हापुड़। ऑस्कर अवार्ड मिलने पर बेशक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काठीखेड़ा की सुमन और स्नेह को बधाई देकर उनका हौसला बढ़ाया हो लेकिन सोमवार को उनके अपने गांव आने पर कोई अधिकारी वहां उनके सम्मान समारोह में नहीं पहुंचा।
सोमवार को यूपी गेट से काठीखेड़ा तक सुमन और स्नेह के स्वागत में जनमानस उमड़ पड़ा। यहां तक कि सांसद, विधायक, पालिकाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक उनका सम्मान करने पहुंचे लेकिन हापुड़ जिले के आला अफसरों को फुर्सत नहीं मिली। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि सुमन और स्नेह को ऑस्कर अवार्ड मिलने के बाद दुनिया भर के समाचार पत्रों ने इनकी प्रशंसा के पुल बांध दिये हैं। इतना ही नहीं टीवी चैनलों पर भी इनकी फिल्म को ऑस्कर अवार्ड मिलने पर चर्चाएं हो रही हैं। इसका प्रमाण यह है कि न्यूयार्क टाइम्स के प्रथम पृष्ठ का आधा पृष्ठ इस फिल्म को मिले ऑस्कर अवार्ड को लेकर प्रकाशित किया गया है।
आश्चर्य की बात यह है कि यहां की जिलाधिकारी, सीडीओ, सह जिला पर्यवेक्षक अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी समेत अनेक अधिकारी महिला हैं। इसके बावजूद उन्होंने सुमन स्नेह के सम्मान समारोह में जाना उचित नहीं समझा।
हालांकि सीडीओ दीपा रंजन (आईएएस) ने उनको ऑस्कर अवार्ड मिलने पर यह जरूर कहा था कि उनके अमेरिका से लौटने पर जिला प्रशासन उनका सम्मान करेगा। नागरिक इस शुभ घड़ी के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
समाजसेवी मुशर्रफ चौधरी ने कहा कि जिलाधिकारी को सुमन स्नेह का सम्मान करना चाहिए। इससे उनका हौसला बढेगा। वैसे भी ऑस्कर अवार्ड मिलना कोई मामूली बात नहीं है।
नगर पालिका परिषद हापुड़ की पूर्व अध्यक्ष मालती भारती ने भी जिलाधिकारी से मांग की है कि जिला प्रशासन एक समारोह आयोजित कर सुमन और स्नेह का सम्मान करे। दोनों ने हापुड़ जिले का गौरव बढ़ाया है।