रक्ताल्पता से जूझ रहीं ‘बा’ की बेटियां
हापुड़। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने जिले के पांचों कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में कैंप लगाकर छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। इसमें ज्यादातर छात्राओं में खून की कमी मिली। इसके अलावा कई को बुखार भी था, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। छात्राओं को चिकित्सकों ने स्वस्थ रहने के टिप्स दिए।
जिले के धौलाना, मुकीमपुर, डायट परिसर, कुचेसर, अठसैनी स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में करीब 500 छात्राएं पढ़ती हैं। छात्रों के खानपान की व्यवस्था भी इन्हीं विद्यालयों में होती है। शासन के आदेश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने पांचों विद्यालयों में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान अनेक छात्राओं में खून की कमी मिली। कुछ छात्राओं को बुखार भी थी। डिप्टी सीएमओ डा.जयप्रकाश त्यागी ने छात्राओं को दैनिक जीवन में संतुलित भोजन के साथ व्यायाम की भी सलाह दी। साथ ही खेलकूद को भी वरीयता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिन छात्राओं में खून की कमी थी, उन्हें दवाएं और स्वस्थ रहने के टिप्स दिए गए हैं।