लू, हीट स्ट्रोक से बचाव को शासन से अलर्ट
हापुड़। 44 डिग्री तापमान में लू, हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए शासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर शहर, देहात में कार्यशाला लगाकर लोगों को बचाव के तरीके बताएंगे। 102 और 108 नंबर एंबुलेंस 24 घंटे अस्पतालों में मुस्तैद रहेंगी, चिकित्सक भी अलर्ट रहेंगे। इसके अलावा प्याऊ और छांव शिविर लगाने के लिए सामाजिक संस्थाओं का सहयोग मांगा जा रहा है।
जिले का तापमान 44 डिग्री से पार हो गया है। आलम यह है कि झुलसा देने वाली धूप में निकल पाना भी लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण है। गर्मी के प्रकोप को देखते हुए शासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।
शासन से मिली गाइडलाइन के बाद डिप्टी सीएमओ डा. जेपी त्यागी को नोडल बनाया गया है। डा. त्यागी ने टीमों का गठन कर शहर, देहात अंचल में कार्यशाला लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में आपातकालीन सुविधा को हर संभव दुरुस्त रखने और चिकित्सकों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए हैं।
चार बीमारी को लेकर अलर्ट
गर्मी में हीट वेव के कारण लोगों को परेशानी करने वाली सन बर्न, हीट क्रैम्प्स, हीट एक्जाशन, हीट स्ट्रोक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी बीमारी में लापरवाही बरतने पर मरीज की जान तक भी जा सकती है।
102, 108 नंबर एंबुलेंस रहेंगी मुस्तैद
शासन से अलर्ट के बाद जिले में संचालित 102 और 108 नंबर एंबुलेंस के कंट्रोलर को भी 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। मरीज की कॉल के 20 मिनट के अंदर एंबुलेंस सेवा मुहैया करा दी जाएगी।
हीट वेव के लक्षण
*सन बर्न का प्रभाव होने पर त्वचा में लालीमा तथा दर्द, सूजन, फफोले, बुखार, सरदर्द।
*हीट क्रैम्प्स होने पर उदरीय मांशपेशियों तथा हाथ, पैर की तकलीफ, देह ऐठन, ज्यादा पसीना आना।
*हीट एक्जाशन होने पर अत्यधिक पसीना आना, कमजोरी, त्वचा ठंडी पीली तथा चिपचिपी, सरदर्द, सामान्य तापमान संभव, बेहोशी, उल्टी।
*हीट स्ट्रोक का असर पर होने पर शरीर का तापमान 106 डिग्री फैरड, गर्म शुष्क त्वचा, तेज जोरदार नाड़ी, बेहोशी आना, मरीज को पसीना आना बंद हो जाना प्रमुख लक्षण हैं।
बचाव के तरीके
*अधिक से अधिक पानी पिएं।
*हल्के रंग के पसीना सूखने वाले हल्के वस्त्र पहनें।
*धूप के चश्में, छाता, टोपी, चप्पल का प्रयोग करें।
*सिर, चेहरा, हाथ पैरों को गीले कपड़े से ढके।
*घर से बाहर होने की स्थिति में आराम करने की समयावधि तथा आवृत्ति को बढ़ाएं।
*गर्भस्थ महिला कर्मियों तथा रोगग्रस्त कर्मियों पर अतिरिक्त ध्यान दें।
*सड़क किनारे सड़े-गले फल का जूस न पिएं।
*फास्ट फूड आदि से दूरी बनाएं, बासी खाना न खाएं।
डिप्टी सीएमओ डा.जेपी त्यागी ने बताया कि शासन के अलर्ट के बाद लोगों को जागरूक करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सावधानी बरत लोग हीट स्ट्रोक आदि से बच सकते हैं।