दिल्ली-मुरादाबाद लाइन पर बढ़ा ट्रेनों का बोझ
-कानपुर में ट्रैक पर कार्य के चलते ट्रेनों को डायवर्ट कर हापुड़ से निकाला गया
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कानपुर में रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य के चलते हापुड़ में दिल्ली मुरादाबाद लाइन पर ट्रेनों का दबाव बढ़ गया है। इसके चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट कर हापुड़ से निकाला जा रहा है।
मंगलवार को दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस, आजमगढ़ से दिल्ली जाने वाली कैफियत एक्सप्रेस, गोरखपुर से हिसार को जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस सहित पांच ट्रेनों को डायवर्ट कर हापुड़ से निकाला गया। इन ट्रेनों को रन थ्रू निकाला गया। ट्रेनों का दबाव बढ़ने से अधिकारियों को सतर्क रहने की हिदायत भी दी गई है।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना ने बताया कि कानपुर में इन दिनों रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। जिस कारण रेलवे विभाग ने कुछ ट्रेनों को डायवर्ट कर हापुड़ से निकालने का निर्णय लिया है।