जिलेभर में लगे ट्रांसफार्मर की होगी वीडियोग्राफी
- देखरेख के अभाव में ट्रांसफार्मर फुंका तो नपेंगे लाइनमैन
- तेल की कमी, ओवर लोडिंग की समस्या रहेगी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
जिलेभर में लगे अधिकांश ट्रांसफार्मर अक्सर देखरेख के अभाव में फुंक रहे हैं। इसके चलते ऊर्जा निगम को आए दिन लाखों का चूना लग रहा है। अब इस नुकसान से बचने के लिए विभाग ट्रांसफार्मरों की वीडियोग्राफी कराएगा। संबंधित क्षेत्र के लाइनमैन ट्रांसफार्मर पर निगाह रखेंगे। फिर भी देखरेख में कमी होने के कारण ट्रांसफार्मर फुंकता है तो कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई है।
दरअसल, जांच में ट्रांसफार्मर के फुंकने का कारण तेल की कमी, ओवर लोडिंग की समस्या सर्वाधिक सामने आई है। ट्रांसफार्मर के फुंकने से निगम को भी लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस समस्या से निजात पाने के लिए अब निगम अफसरों ने ट्रांसफार्मर की वीडियोग्राफी कराने का निर्णय लिया है। संबंधित क्षेत्र के लाइनमैनों को ट्रांसफार्मर के देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच में यदि तेल की कमी या देखरेख के अभाव में ट्रांसफार्मर के फुंकने की पुष्टि हुई तो लाइनमैनों पर गाज गिरेगी। अवर अभियंताओं को भी इसकी मॉनीटरिंग करनी होगी। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि सभी ट्रांसफार्मर की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। लाइनमैनों को इसकी देखरेख की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।