आज से 14 जुलाई तक नहीं चलेगी नौचंदी एक्सप्रेस
मेरठ में रेलवे ट्रैक के दोहरी करण कार्य के चलते मेरठ से गुजरने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दोनों तरफ से 3 से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
इसके अलावा संगम एक्सप्रेस व राज्यरानी एक्सप्रेस भी 9 से 14 जुलाई तक नहीं चलेंगी। 3 जुलाई से मेरठ रेलवे स्टेशन से दौराला स्टेशन के बीच ट्रैक पर नॉन इंटरलाकिंग कार्य शुरू हो रहा है।
इसके चलते ट्रेनों का आवागमन बाधित रहेगा। इलाहाबाद से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस 3 जुलाई से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
सहारनपुर से इलाहाबाद जाने वाली नौचंदी 4 से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी। इलाहाबाद से आने वाली संगम एक्सप्रेस 9 से 13 तक निरस्त रहेगी। इसी तरह मेरठ से जाने वाली संगम 10 से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
लखनऊ से आने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस 9 से 13 जुलाई तक निरस्त रहेगी। इसी तरह मेरठ से जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस 10 से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना का कहना है कि मेरठ से दौराला के बीच नॉन इंटरलाकिंग कार्य के चलते नौचंदी एक्सप्रेस 3 से 14 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
जिन यात्रियों ने पहले से ही इस ट्रेनों का रिजर्वेशन कराया है उनका पैसा वापस दिलाने की व्यवस्था कराई जा रही है।
तीन घंटा देरी से आई नौचंदी एक्सप्रेस
ट्रेनों से देरी से गंतव्य पहुंचने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। इलाहाबाद से चलकर सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची।
इलाहाबाद से मेरठ को जाने वाली संगम एक्सप्रेस 5 घंटा, डिबरूगढ़ से लालगढ़ को जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस 2.30 घंटा, दिल्ली से चलकर रक्सौल जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस 1 घंटा की देरी से पहुंची।
इसके अलावा छपरा से चलकर दिल्ली जाने वाली लोकनायक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 1 घंटे, मुरादाबाद से आनंद विहार को जाने वाली मेमू ट्रेन 4.30 घंटा व दिल्ली से मुरादाबाद हो जाने वाली पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय से 1.30 घंटा देरी से स्टेशन पहुंची।