गांव बनखंडा में दूध,पनीर, क्रीम का सैंपल लेती खाद्य विभाग की टीम। संवाद
बाबूगढ़। गांव बनखंडा स्थित भारत डेयरी पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर 150 किलोग्राम मिलावटी क्रीम पकड़ी और मौके पर ही गड्ढा कराकर नष्ट करा दी। डीएम से शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। टीम ने दो क्रीम, एक दही और एक रिफाइंड का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में टीम ने संचालक किशन लाल की डेयरी पर छापा मारा। शिकायत थी कि यहां दूध की जगह रिफाइंड और दही मिलाकर क्रीम बनाई जा रही है। मौके पर दो जगह क्रीम तैयार हो रही थी। एक स्थान पर क्रीम के बराबर में रिफाइंड और दही मिला। पूछताछ में संचालक ने कबूल किया कि वह रिफाइंड और दही मिलाकर भी क्रीम बनाता है।
पंकज कुमार ने बताया कि रिफाइंड और दही से बनी क्रीम स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। इसे खाने से पेट संबंधी और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह और मोहित अहलावत भी मौजूद रहे।
जुर्माने के बाद भी नहीं थम रही मिलावट
विभाग हर महीने नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर जुर्माना लगा रहा है। इसके बावजूद मिलावट का धंधा जारी है। ग्राहकों से पूरे दाम लेकर मिलावटी सामग्री दी जा रही है। पिछले दिनों भी इस क्षेत्र में मिलावटी क्रीम पर कार्रवाई हुई थी, लेकिन मिलावटखोर बाज नहीं आ रहे। विभाग ने लोगों से जागरूक रहने की अपील की है।
गांव बनखंडा में दूध,पनीर, क्रीम का सैंपल लेती खाद्य विभाग की टीम। संवाद
गांव बनखंडा में दूध,पनीर, क्रीम का सैंपल लेती खाद्य विभाग की टीम। संवाद