पुराने बस अड्डे में नहीं लगी पैठ, दुकानदारों का प्रदर्शन
हापुड़। प्रशासन की आदेशों के बाद रविवार को पुराने स्टैंड में पैठ लगाने के लिए कोई दुकानदार नहीं पहुंचा। जबकि कुछ दुकानदारों ने पैठ को लेकर मोहल्ला गंगापुरा में प्रदर्शन कर प्रशासन और नगर पालिका पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। दुकानदारों ने उनके हक में फैसला लिये जाने की मांग की है।
एडीएम की अध्यक्षता में इसी सप्ताह आयोजित बैठक में पैठ को दिल्ली रोड स्थित पुराने बस अड्डे में लगाने के निर्देश दिए थे। लेकिन इतवार पैठ एसोसिएशन ने इन आदेशों को मानने से इंकार करते हुए पैठ फ्रीगंज रोड या पुराने स्थान गोल मार्केट में ही लगाने की बात की थी। हालांकि फ्रीगंज रोड पर रहने वाले लोगों ने इसका पुरजोर विरोध किया ता। वहीं इस घोषणा के बाद दुकानदारों ने रविवार को पुराने बस अड्डे में पैठ नहीं लगाई।
उधर, गंगापुरा में दुकानदारों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि गरीब दुकानदारों का शोषण किया जा रहा है। रोजगार छिनने से सभी आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनके हक में समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में मनोज कुमार, धीरज सिंह, मोहित, अंबुज, कांती, अंकित, महेंद्री, सुनीता, धर्मवीर, चमेली, सीमा, बीनो, रितिक आदि शामिल थे।