ई-लॉटरी से शराब की 49 दुकानों का आवंटन
हापुड़। जिले की कुल 103 शराब की दुकानों का शनिवार को ई- लॉटरी के माध्यम आवंटन किया गया। इस दौरान शराब की 49 व भांग की एक दुकान आवंटित हुई। जबकि बाकी 54 दुकानों का आवंटन 11 मार्च को किया जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि जिले की कुल 103 दुकानों का आवंटन ऑन लाइन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाना था। जिसे लेकर शनिवार को नगर पालिका सभागार में व्यवस्था की गई। सुबह से दुकानों के आवंटन के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि कुल 103 दुकानों में से 49 दुकानों के लिए आवेदकों द्वारा आवेदन किया गया था। जबकि बाकी दुकानों पर कोई आवेदन नहीं हुआ। सभी आवेदकों को दुकानों का आवंटन कर दिया गया। जबकि तीन भांग की दुकानों के लिए भी एक ही आवेदन प्राप्त हुआ। ऐसे में दो भांग की दुकानें भी आवंटन के लिए बाकी रह गई। शेष 54 शराब और दो भांग की दुकानों के लिए ई- लाटरी की तिथि 11 मार्च निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रेक्षक के रूप में बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शफाकत कमाल मौजूद रहे।