अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह पकड़ में आया
गढ़मुक्तेश्वर। वाहन चेकिंग के दौरान शुक्रवार की रात को बहादुरगढ़ पुलिस ने सेहल चौराहे के पास संदिग्ध दशा में घूम रहे चार बदमाशों को दबोचकर अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है। इंस्पेक्टर मनु चौधरी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने बहादुरगढ़ के सेहल चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया, तो कुछ ही देर बाद अलग अलग बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंच गए, जो चेकिंग होती देख बाइक मोड़कर वहां से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
बताया कि चार बाइकों समेत पकड़ में आए चारों युवकों की तलाशी में उनके कब्जे से दो चाकू, दो तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। जिन्होंने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वे अंतर्जनपदीय गिरोह के सदस्य हैं, जिनके कब्जे से बरामद हुईं बाइक भी विभिन्न स्थानों से चोरी की गई हैं। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने पकड़ में आए बदमाशों रोहित चित्तौड़ा, कंछिद, रोहित कुमार सालारपुर और कपिल हाजीपुर स्याना को गढ़ की अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा मिश्रा ने उन्हें जूडिशियल कस्टडी में जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर मनु चौधरी ने बताया कि पकड़ में आए अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों में गांव सालारपुर निवासी कंछिद और रोहित कुमार के खिलाफ इससे पहले भी बहादुरगढ़ समेत कई थानों में केस दर्ज हैं, जिनका पूरा ब्यौरा एकत्र कराने के साथ ही उनके गिरोह में सक्रिय दूसरे साथियों की भी धरपकड़ की जाएगी।