तार गिरने से गन्ने की पांच बीघा फसल जली
गढ़मुक्तेश्वर। गांव खुडलिया के जंगल में बिजली की जर्जर लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान की पांच बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसान ने पावर कॉरपोरेशन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया के जंगल में बड़े बिजलीघर के निकट सोमवार देर शाम बिजली का जर्जर तार टूट कर किसान भोपाल सिंह के खेतों में गिर गया। इससे निकली चिंगारी से गन्ने की फसल ने आग पकड़ ली। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने भोपाल सिंह को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। खेत में आग लगने की सूचना पर भोपाल और उसके परिजन भी खेत पहुंच गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक करीब पांच बीघा फसल जल चुकी थी। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसान ने पावर कॉरपोरेशन से जली हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है। एसडीओ हरि सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। ब्यूरो