हापुड़ तक पहुंची किसान आंदोलन की आंच, दिनभर जाम
हापुड़। किसान क्रांति यात्रा के चलते किए गए रूट डायवर्जन ने हापुड़ को भी जाम कर दिया। डायवर्जन के कारण सुबह से लेकर शाम तक शहर में जाम की स्थिति रही। इसके चलते लोगों को खासी परेशानियों से जूझना पड़ा।
सोमवार को शहर में अक्सर जाम रहता है, लेकिन गाजियाबाद से होकर गुजर रही किसान क्रांति यात्रा को लेकर हाइवे- 58 के वाहनों को भी एनएच- 24 से होकर निकाला गया। इसके कारण यहां जाम की स्थिति भयावह हो गयी। मेरठ रोड, दिल्ली रोड के साथ गढ़ रोड और बुलंदशहर रोड पर भी जाम लग गया। राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे। इसके कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब चार बजे के बाद लोगों को जाम से जरूर कुछ राहत मिली, लेकिन रात तक रुक-रुककर जाम लगता रहा। इस दौरान यातायात पुलिस जाम खुलवाने के लिए जूझती नजर आई, लेकिन वाहनों के दबाव के कारण वह भी असहाय नजर आए।
सूचना के बाद भी नहीं थी कोई तैयारी
किसान क्रांति यात्रा को लेकर हुए रूट डायवर्जन की अधिकारियों को पहले ही जानकारी दी गई थी। इसे लेकर रविवार को भी पिलखुवा में जाम लगा था। बावजूद इसके सोमवार को जाम से बचने के लिए कोई विशेष तैयारी नहीं की गई थी। यातायात प्रभारी तहजीबुल हसन ने बताया कि रूट डायवर्जन को देखते हुए मेरठ से आने वाले वाहनों को गुलावठी होते हुए गाजियाबाद की ओर निकाला गया। वहीं एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि जाम को देखते हुए पहले ही रूट डायवर्ट करने के आदेश जारी कर दिए गए थे।