रिश्वत मांगने का आरोप, गुस्साए
भाकियू कार्यकर्ताओं ने घेरी तहसील
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तहसील कर्मचारियों पर रिश्वत लेेने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी न्यायिक तहसीलदार से भी नोंकझोंक हो गई। किसानों के हंगामे को देखते हुए तहसील में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को भाकियू के प्रदेश सचिव चौधरी रामपाल सिंह की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में किसानों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान तहसील में कर्मचारियों द्वारा रिश्वत लेने की शिकायत की, जिसके बाद कार्यकर्ता एकत्रित होकर तहसील पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने कर्मचारियों को खूब खरी खोटी सुनाई।
इसके अलावा किसानों का कहना था कि हर विभाग भ्रष्ट है। ऊर्जा निगम के कर्मचारी देहात में जाकर किसानों के कनेक्शन काट रहे हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। जबकि बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। किसानों द्वारा हंगामा करने की सूचना मिलने पर तहसीलदार (न्यायिक) सुरेंद्र प्रताप मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। इस पर किसानों ने उन्हें अपने बीच नीचे बिठाने का प्रयास किया, जिसे लेकर उनकी किसानों से नोकझोंक हुई। इसके बाद किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। उधर, किसानों के हंगामे को देखते हुए पुलिस बल तहसील पहुंच गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुशल पाल आर्य, प्रदेश सचिव रामपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष कमल सिंह, ब्लाक अध्यक्ष टेनपाल सिंह, भवेंद्र सिंह सिसौदिया, दिनेश त्यागी, जिला महासचिव नितिन बाना, अमित त्यागी, श्याम सुंदर त्यागी, संजय सिंह, रणवीर सिंह, बबली सिंह, मुनेश पाल सिंह, कालू सिंह आदि उपस्थित थे।