नामांकन निरस्त होने से गुस्साए लोगों का हंगामा
- आपत्तियों पर कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने विरोध में प्रदर्शन किया
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। सहकारी समिति के चुनाव में दाखिल किए गए नामांकन निरस्त होने से गुस्साए लोगों ने जखैड़ा समिति पर हंगामा किया। जबकि गढ़ में आपत्तियों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने विरोध में प्रदर्शन किया।
सहकारी समिति के डेलीगेट चुनाव के तहत सोमवार को आपत्ति सुनकर जांच और कार्रवाई की गई। बहादुरगढ़ क्षेत्र की जखैड़ा रहमतपुर साधन सहकारी समिति के सलोनी से जुड़े वार्डों में प्रत्याशियों की हिस्सेदारी कम पाए जाने पर अनीता, रामसिंह और बिरजू के पर्चे निरस्त कर दिए गए। इसका पता लगते ही प्रत्याशियों समेत उनके समर्थकों ने जखैड़ा समिति पर एकत्र होकर विरोध में जमकर नारेबाजी की। एआरओ जितेंद्र का कहना है नियम के अनुसार कम हिस्सेदारी पाए जाने पर तीन प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त किए गए हैं, लेकिन वे मतदान के दिन वोटिंग करने को पात्र होंगे।
वहीं गढ़ की साधन सहकारी समिति नंबर दो में मलखान, शिवकुमार, अमन और हरकेश ने अपने विरोधी प्रत्याशियों के खिलाफ आपत्ति प्रस्तुत की थीं, लेकिन एआरओ ने सुनवाई के बाद आपत्तियों को खारिज कर दिया। इससे गुस्साए प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों को साथ लेकर समिति परिसर में विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कर दी। भाजपा नेता सुमन प्रकाश त्यागी, महेंद्र चौहान, जयसिंह राणा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। एआरओ ओपी सिंह का कहना है कि नियमों के अनुसार ही आपत्तियों को खारिज किया गया है, जिसमें कोई भी पक्षपात नहीं किया गया है।