बिजली निगम के अधिकारियों ने छापा मारा, 17.5 लाख राजस्व वसूला
हापुड़। बिजली निगम के आला अधिकारियों ने रविवार को तीन स्थानों पर कैंप व छापेमार अभियान चलाकर ओटीएस योजना के तहत 17.5 लाख रुपये का राजस्व वसूला। 85 लाख की बकायेदारी वाले 78 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
रविवार को बिजली निगम के अधिशासी अभियंता पीके गौतम, उपखंड अधिकारी द्वितीय राजीव कुमार के नेतृत्व में टाउन हॉल, गांव अजराड़ा, बाबूगढ़ छावनी में कैंप लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के यहां छापेमारी की गई। अभियान के दौरान 17.50 लाख रुपये का राजस्व ओटीएस योजना के तहत वसूला गया। वहीं 85 लाख की बकायेदारी वाले 78 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।