बीएसए ने परिषदीय स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
गढ़मुक्तेश्वर। बीएसए ने गढ़ क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यभार ग्रहण न करने पर एक स्कूल के प्रधानाध्यापक को बर्खास्त करते हुए अनुपस्थिति पर एक प्रधानाध्यापिका और दो सहायक अध्यापिकाओं का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने सोमवार को गढ़ ब्लॉक क्षेत्र के गांव डहरा कुटी के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शबनम और उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका ज्योति सिंह अनुपस्थित मिली। दोनों का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही शबनम की लगातार गैरहाजिरी के चलते विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। उन्होंने बताया कि इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय कानौर के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिली सहायक अध्यापिका अलका शर्मा का भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। बीएसए ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय डहरा कुटी के प्रधानाध्यापक रहमत अली को कनौर के उच्च प्राथमिक विद्यालय भेजा गया था, लेकिन एक वर्ष बाद भी रहमत अली ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। जिसके चलते उन्हें नोटिस भी भेजे गए, इसके बावजूद भी कार्यभार ग्रहण नहीं करने और विद्यालय के अभिलेख उपलब्ध न कराने पर रहमत अली को बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।