बाइक के दो दावेदार सामने आने से पुलिस की सिरदर्दी बढ़ी
गढ़मुक्तेश्वर। कागजों में गड़बड़ी के शक में पकड़ी गई बाइक के दो दावेदार सामने आने से पुलिस की सिरदर्दी बढ़ गई। पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम बुलाकर बाइक की जांच पड़ताल कराई है।
सिंभावली पुलिस ने पिछले दिनों वाहन चेकिंग के दौरान संदेह होने पर दिल्ली नंबर की एक बाइक रोककर जांच पड़ताल की थी, लेकिन बाइक की प्लेट और इंजन पर अलग अलग नंबर अंकित होने के साथ ही मांगने पर उसके कागज भी नहीं मिल पाए थे। जिस पर पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ी कर ली थी, लेकिन कुछ दिन बाद ही खुद को बाइक का मालिक बताने वाले दो अलग-अलग लोग उसके कागज लेकर थाने में पहुंच गए। इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी का कहना है कि बाइक का मामले कहीं किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से तो जुड़ा हुआ नहीं है, इसलिए उससे जुड़ी सारी हकीकत का खुलासा कराने को विधि विज्ञान प्रयोगशाला निवाड़ी गाजियाबाद को सूचना दी गई थी। जहां से शनिवार को तीन सदस्य टीम में शफीक अहमद, देवराज और मनोज कुमार सिंभावली थाने में पहुंचे, जिन्होंने बाइक के इंजन और चेसिस की बारीकी से जांच पड़ताल की है।