बिजली लाइन में ब्रेक डाउन होने से बत्ती गुल रही
घरेलू समेत जरूरी कामकाज बुरी तरह प्रभावित रहे
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली से आ रही बिजली लाइन में ब्रेक डाउन होने से गढ़, ब्रजघाट और बहादुरगढ़ समेत पांच दर्जन से अधिक गांवों में छह घंटे बत्ती गुल होने से पानी की किल्लत हो गई है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिंभावली के बड़े बिजलीघर से होकर आ रही 33 केवी लाइन का तार शुक्रवार की दोपहर में करीब पौने दो बजे गांव बड्ढा के जंगल में नहर पुल के पास टूटकर गिर पड़ा, जिससे गढ़-ब्रजघाट और बहादुरगढ़ समेत क्षेत्र के करीब 60 गांवों की बत्ती गुल हो गई। बत्ती गुल होने से गढ़ और ब्रजघाट में पालिका, जबकि टंकी वाले गावों में ग्राम पंचायत की पेयजल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे ठिठुरन भरी सर्दी के इस मौसम में भी हजारों परिवारों को पीने के पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। इसके अलावा भी सप्लाई न आने से ग्रहणी घरेलू कामकाज नहीं कर पाईं, तो आटा पीसने वाले चक्की समेत जरूरी कामकाज ठप रहे।
एसडीओ महावीर सिंह का कहना है कि टूटे तार को ठीक कराकर रात में करीब पौने आठ बजे सप्लाई को पूरी तरह सुचारू करा लिया गया है।