राशन नहीं मिलने पर भड़की महिलाएं
- गांव भटियाना की महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
हापुड़। भटियाना गांव में राशन डीलर की ओर से राशन वितरित न किए जाने पर शुक्रवार को महिलाएं भड़क उठीं। उन्होंने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीलर के खिलाफ प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दिया।
शुक्रवार को भटियाना गांव में महिलाएं एकत्रित होकर जिला मुख्यालय पहुंची। जहां उन्होंने बताया कि गांव में महिला राशन डीलर है। जो माह में कभी कभी दुकान खोलती हैं, जिससे लोग परेशान रहते हैं। तीन माह से तो उसने राशन भी वितरित नहीं किया है और अपने परिचित लोगों को अधिक राशन दे देती है।
उन्होंने बताया कि जब वह इसका विरोध करती हैं तो वह उनके साथ अभद्रता करते हुए दुकान बंद कर उन्हें वहां से भगा देती है। इसके साथ ही राशन की कालाबाजारी भी करती है। इस संबंध में वह तहसील दिवस में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
उन्होंने शुक्रवार को इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर राशन दिलाने की मांग उठाई है। प्रदर्शन करने वालो में राधा, रेखा,संतोष, मनोज देवी, हरनंदी, शशि, प्रभा, लक्ष्मी आदि मौजूद रहीं।