साप्ताहिक पैठ न लगने के विरोध में दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
हापुड़। फ्रीगंज रोड पर साप्ताहिक पैठ न लगाए जाने के विरोध में रविवार को इतवार बाजार हॉकर्स एसोसिएशन के आह्वान पर दुकानदारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने जल्द राहत नहीं मिलने पर भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी भी दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मुन्ना लाल गोयल व सचिव आनंद प्रकाश ने कहा कि प्रशासन और नगर पालिका परिषद के अफसरों ने फ्रीगंज रोड से साप्ताहिक पैठ को हटवा दिया है। इसके चलते वह बीते छह सप्ताह से वह साप्ताहिक पैठ में दुकान नहीं लगा पा रहे हैं। अफसरों से काफी मन्नतें करने के बावजूद भी उन्हें पैठ नहीं लगाने दी जा रही है। इसके चलते वह आर्थिक तंगी में डूब गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में जावेद, इलियास, मुमताज, विद्या, सचिन, रफीक, रविंद्र, दीपू, चीनू, रामकली, गीता, मोहन प्रकाश आदि मौजूद रहे।