कृषि विभाग के अधिकारियों ने गेहूं-सरसों की फसल का निरीक्षण किया
गढ़मुक्तेश्वर। कृषि विभाग द्वारा किसानों को 75 प्रतिशत की छूट पर गेहूं और सरसों का निशुल्क बीज वितरित किया गया था। मंगलवार को कृषि विभाग के एसडीएईओ सूबे सिंह ने कृषि प्राविधिक सहायक सतीश चंद शर्मा के साथ गांव बिहूनी में पहुंचकर गेहूं और सरसों के खेतों का निरीक्षण किया।
सूबे सिंह ने बताया कि गांव बिहूनी में 23 किसानों को बीज ग्राम योजना के अंतर्गत 40 किलो प्रति किसान और 34 किसानों को दो किलो सरसों का बीज उपलब्ध कराया गया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उक्त सभी खेतों की जांच की गई। इसके अलावा गांव में कृषि विभाग की योजना के तहत बनवाए गए वर्मी पिट(केंचुआ की खाद बनाने के गड्ढ़े) की भी जांच की गई। उन्होनें बताया कि जैविक खेती को बढ़ावा देने के मकसद से किसानों को वर्मी पिट बनाने के लिए विभाग द्वारा छह हजार रुपये का अनुदान भी दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अभी सरसों की फसल में माहू रोग का प्रकोप नहीं हैं। इस दौरान गजेंद्र, रघुराज, विनोद, मूलचंद, तेजपाल, शैकी, सुनील, रघुराज, जगन्नाथ, विजय, रामौतार समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।