किसानों की समस्या पर भड़के रालोद कार्यकर्ता, किया प्रदर्शन
हापुड़। किसानों की विभिन्न समस्याओं पर सोमवार को रालोद कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर, सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस संबंध में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपकर जल्द किसानों को राहत न दिलाने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रालोद के जिलाध्यक्ष चौधरी उदयवीर सिंह तेवतिया ने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस वर्ष गन्ने के मूल्य में वृद्धि नहीं की है, जबकि कीटनाशक, रासायनिक उर्वरक, बिजली मूल्य में वृद्धि होने के चलते गन्ना उत्पादन की लागत बढ़ गई है। इसके चलते किसान घाटे में चल रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों पर पिछले वर्ष का करोड़ों रुपये का बकाया है। यही नहीं वर्तमान पेराई सत्र में गन्ना कैलेंडर वितरण में खामियां होने से किसानों को पर्ची नहीं मिल पा रही है। जल्द गन्ना मूल्य बढ़ाया जाए, किसानों का बकाया दिलाया जाए और गन्ना कैलेंडर की खामियां दूर की जाएं।
ज्ञापन सौंपने वालों में डा. एसपी सिंह, प्रोफेसर अब्बास अली, हेमंत मिश्रा, नितिन चौधरी, योगेश जाखड़, चमन सिंह, मोनू, बोबिंदर सिंह, विजय प्रधान, नानक चंद शर्मा संतपाल शर्मा, दीपक, अंकित, तेजवीर, राहुल चौधरी, धर्मपाल सिंह, कुलदीप राठी, मदनलाल आदि मौजूद रहे।