गन्ना भुगतान और पर्ची किल्लत पर भड़की भाकियू
गढ़मुक्तेश्वर। शुगर मिल पर किसानों के करोड़ो रुपये बकाया भुगतान की मांग को लेकर भाकियू ने मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा के नेतृत्व में सिंभावली शुगर मिल गेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर किया। वहीं जल्द मांगे न माने जाने पर आगामी सोमवार को चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी।
गन्ना भुगतान न होने व पर्ची किल्लत के चलते भाकियू ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी थी। मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा के नेतृत्व में गन्ना समिति से एकत्र हुए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मिल गेट पर पहुंचे। जहां प्रदर्शन करते हुए तंबु लगाकर बैठ गए।
किसानों का कहना है कि शुगर मिलों का नया पेराई सत्र आरंभ हुए कई माह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सिंभावली और ब्रजनाथपुर मिल ने गत वर्ष का गन्ना भुगतान नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 30 नवंबर तक भुगतान किए जाने का दावा किया था।
सिंभावली शुगर मिल पर गत वर्ष का अभी भी दो सौ करोड़ से अधिक बकाया है, जबकि वर्तमान सत्र का भी भुगतान नहीं हो रहा है। किसानों का कहना है कि एक तरफ गन्ना भुगतान नहीं मिल पा रहा है, वहीं बकाए के चलते बिजली विभाग किसानों के कनेक्शन काटते हुए रिकवरी के नोटिस भेजकर मुकदमे दर्ज करा रहा है। जिसके चलते किसान परेशान हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिनेश खेड़ा ने कहा कि 50 वर्ष पुराने हवाई जहाज और पाली के जहाज तो चल रहे हैं, लेकिन किसानों के दस साल पुराने ट्रैक्टरों पर रोक लगाई जा रही है। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त के काबिल नहीं है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बकाया गन्ना भुगतान, किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं और और पर्ची वितरण में पारदर्शिता नहीं लाई गई, तो वह चक्का जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं किसानों के धरने प्रदर्शन की सूचना पर जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह, गन्ना समिति सचिव राजीव सेठ, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने किसानों को प्रत्येक कार्य दिवस में 12 से तीन बजे तक धरना स्थल पर मौजूद रहकर किसानों की समस्याओं के निस्तारण का भी आश्वासन दिया। अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन में दिनेश त्यागी, सरदार कुंवर सिंह, अफजाल प्रधान, अय्यूब प्रधान, बिल्लू, आशाराम, नरेंद्र सिंह, औरंगजेब, गुरबचन सिंह, हबीब चौधरी, माशाअल्लाह, चमन सिंह, किशन फौजी, शब्बू चौधरी, भगतराम सिंह, महिला जिलाध्यक्ष बबली सिंह, ममता शर्मा समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
सोमवार को होगा चक्का जाम
धरने पर मौजूद मंडल प्रवक्ता दिनेख खेड़ा ने बताया कि किसानों का ब्याज समेत बकाया भुगतान और अन्य समस्याओं का समाधान न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। यदि आगामी सोमवार तक समाधान न हुआ तो क्षेत्र के हजारों किसान उग्र आंदोलन करते हुए नेशनल हाइवे पर चक्का जाम कर देंगे।