अब खाद्यान्न के लिए जमा करने होंगे
परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड
- अभी तक पति-पत्नी के आधार कार्ड की कापी जमा करने पर ही मिल जाता था खाद्यान्न
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। अब राशन की दुकान पर राशन लेने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की कॉपी लगाया जाना अनिवार्य होगा। बिना आधार कार्ड की कॉपी जमा कराए लोगों को खाद्यान्न नहीं मिलेगा।
राशन कार्ड धारकों को अभी तक पति और पत्नी के आधार कार्ड की फोटो स्टेट कार्यालय में जमा करनी पड़ती थी। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी यह बाध्यता थी। मगर, विभाग द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया जाता था। ऐसे में घर के बाकी सदस्यों के आधार कार्ड की फोटो स्टेट जमा कराने की आवश्यकता नहीं होती थी। मगर, कुछ मामलों में सामने आया है कि सदस्यों के फर्जी नाम कार्ड में लिखवाकर कुछ परिवार अधिक खाद्यान्न ले रहे थे।
इस प्रकार की शिकायतों के बाद अब परिवार के सभी सदस्यों को अपने आधार कार्ड संबंधित कार्यालय में जमा कराने होंगे। इसके बाद यूनिट के हिसाब से खाद्यान्न दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुुमार ने बताया कि अब परिवार के सभी सदस्यों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा करानी होगी। उपभोक्ता संबंधित राशन डीलर के पास इसकी फोटो स्टेट जमा करा दें।