सावधान! 11 जनवरी को रोडवेज बसों का संचालन रहेगा प्रभावित
-विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी कौशांबी डिपो तक निकालेंगे रैली
-40 फीसदी बसों का संचालन रहेगा प्रभावित, हापुड़ डिपो के कर्मचारियों ने बनाई रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। विभिन्न समस्याओं का निस्तारण न होने के विरोध में 11 जनवरी को हापुड़ डिपो समेत गाजियाबाद रीजन के सात डिपो के करीब 1200 कर्मचारी कौशांबी तक रैली निकालेंगे। इस दौरान 40 फीसदी बसों का संचालन प्रभावित होने की संभावना है। सोमवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में पदाधिकारियों ने बैठक कर आगामी योजना बनाई।
बैठक को संबोधित करते हुए रोडवेज कर्मचारी संघ के शाखा मंत्री राजकुमार ने बताया वह सरकार से कि सातवें वेतनमानों को एक जनवरी 2016 से लागू कर एरियर सहित तत्काल भुगतान कराने, वहीं वर्षों से लंबित वेतन विसंगतियों का अविलंब निवारण करा सर्वगीय ढांचे का पुर्नगठन करने, एसीपी की स्वीकृति एवं भुगतान पर लगाई रोक हटाने और परिचालकों की भांति शेष संविदा चालकों परिचालकों को भी एक निश्चित धनराशि वेतन पारिश्रमिक के रूप में भुगतान किया जाए। वहीं प्रदेश के राष्ट्रीयकृत मार्गों की संख्या आठ प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत और निगम बसों का बेड़ा नौ हजार से बढ़ाकर कम से कम 15 हजार किया जाए। इन मांगों को लेकर वह कई बार शासन को अवगत करा चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बैठक में सतीश कुमार, आनंद कुमार, ज्ञानबौद्ध, मनोज कुमार, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।