मतनौरा गांव में गेहूं की निकासी के दौरान अचानक ट्रैक्टर में आग लगने से किसान की 12 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली की ट्रैक्टर और मशीन भी जल गईं। घटना से किसान के परिवार में कोहराम है।
मतनौरा निवासी देवेंद्र व उसका भाई महेंद्र सोमवार को अपने ही ट्रैक्टर से गेहूं की फसल की निकासी कर रहे थे। 12 बीघे की फसल एक जगह इकट्ठा कर रखा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के गर्म होने से निकली चिंगारी से फसल में लाख लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर और मशीन भी जल गए। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
पीड़ित किसान देवेंद्र ने बताया कि बेटी की शादी है, गन्ना भुगतान की समस्या से पहले ही परेशानी चल रही हैं। गेहूं की फसल से उम्मीद थी लेकिन पल भर में सारी मेहनत आग की भेंट चढ़ गई है।