बीएसए के निरीक्षण में तीन शिक्षामित्र मिले अनुपस्थित, मानदेय काटा
हापुड़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में शनिवार को तीन शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले, सभी का एक दिन का मानदेय काटने के आदेश दिए गए हैं। शुक्लमपुरा के प्राथमिक विद्यालय में छात्र संख्या शून्य मिलने पर सहायक अध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
शिक्षकों की लापरवाही से विद्यालयों में शिक्षा का बंटाधार हो रहा है। इस अव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को बीएसए ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। अकबरपुर बुकलाना के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र ललिता, रीना अनुपस्थित मिली, अनूपपुर डिबाई के स्कूल में भी शिक्षामित्र दीपा रानी अनुपस्थित मिली। तीनों का एक दिन का मानदेय काट दिया गया है।
वहीं, शुक्लमपुरा के प्राथमिक विद्यालय में छात्र संख्या शून्य मिली। इस मामले में बीएसए ने सहायक अध्यापक शील कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों में हड़कंप मचा रहा। बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।