कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, यात्री परेशान
हापुड़। ठंड बढ़ते ही कोहरे का असर ट्रेनों पर नजर आने लगा है। शनिवार को कोहरे के कारण हापुड़ स्टेशन से गुजरने वाली करीब दर्जन भर ट्रेन रद्द रही, जबकि कई ट्रेन घंटों देरी से पहुंची, जिसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोहरे और कुछ स्थानों पर ट्रैक पर चल रहे कार्य के चलते शनिवार को हापुड़ स्टेशन से गुजरने वाली दिल्ली फैजाबाद एक्सप्रेस अप एंड डाउन, पद्मावत एक्सप्रेस अप एंड डाउन, बरेली से दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस अप एंड डाउन, सत्याग्रह एक्सप्रेस अप एंड डाउन, मेरठ राज्यरानी एक्सप्रेस और दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन रद्द हो गई।
इसके अलावा हापुड़ स्टेशन पहुंचने वाली आला हजरत एक घंटा, राज्यरानी साढ़े छह घंटे, गोवाहाटी एक्सप्रेस करीब चार घंटे, संगम एक्सप्रेस ढाई घंटे, सद्भावना एक्सप्रेस करीब 11 घंटे, काशी एक्सप्रेस तीन घंटे 20 मिनट देरी से हापुड़ स्टेशन पहुंची। ट्रेनों की इस स्थिति के कारण यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों को बसों के माध्यम से अपने गंतव्य को रवाना होना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीना ने बताया कि कोहरे के कारण ही ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।