दस गांव तय करेंगे जिले की स्वच्छता रैंक
हापुड़। स्वच्छता पर अब जिलों की रैंक भी जारी होगी। जिलों की रैंक जारी करने के लिए एक से 30 अगस्त तक हापुड़ समेत सभी जिलों के दस-दस गांवों में सर्वे होगा। सर्वेक्षण टीम गांवों में दौरा कर स्वच्छता देखेगी। गांवों के लोगों से स्वच्छता पर फीडबैक लेगी। शीर्ष स्थान पाने वाले दो जनपदों को दो अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा।
सूबे के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने हापुड़ समेत सभी जिलों के अधिकारियों को 25 जुलाई से 25 अगस्त तक जिलों के हर गांव में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाने व स्वच्छता से जन-जन को जोड़ने, स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों की मरम्मत तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-करकट नहीं डालने, जलभराव की समस्या का निस्तारण कराने तथा नाले-नालियों की विशेष सफाई कराने का आदेश दिया है। जलभराव जैसी समस्या से निपटने को 14वें वित्त आयोग से मिला पैसा खर्च किया जा सकता है। सीडीओ दीपा रंजन ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवों तथा प्रधानों को गांवों में साफ-सफाई रखने की हिदायत दी जाएगी। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्र, हाट बाजार, धार्मिक स्थलों समेत सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का स्तर, शौचालयों की उपलब्धता, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-करकट की स्थिति, सामान्य सफाई व द्रव्य अपशिष्ट सुरक्षित निस्तारण, ठोस एवं द्रव्य अपशिष्ट प्रबंधन जैसे काम देखे जाएंगे और इनके अंक दिए जाएंगे।