करोड़ों के नाले निर्माण पर पुलिस की सुस्ती फेर रही पानी
- जल निगम द्वारा स्वर्ग आश्रम रोड पर बनाया जा रहा था करोड़ों की लागत से नाला
- निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर डीएम के आदेश पर हुई थी एक्सईएन व जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, अभी तक नहीं हुई कार्रवाई
कौशल किशोर
हापुड़। शहर के अलग-अलग कई क्षेत्रों में नाला निर्माण व पुलिया निर्माण के लिए जल निगम की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में देरी और घटिया निर्माण सामग्री लगाने के आरोप में डीएम के आदेश पर एक्सईएन व जेई के खिलाफ 25 दिन पूर्व रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लेकिन अब तक मामले में पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसके चलते नाले का निर्माण अटक गया है। जिससे शहर में जलभराव की समस्या हो रही है।
दो वर्ष पूर्व जलभराव से मुक्ति के लिए नगर पालिका द्वारा लगभग सात करोड़ की लागत से क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में नाला निर्माण, पुलिया निर्माण व बंद पुलिया को खुलवाने हेतु कार्य किया जाना था। ऐसे में स्वर्ग आश्रम रोड पर नाला निर्माण शुरू हुआ तो वह विवादों में घिर गया। लापरवाही को लेकर हंगामा व पथराव भी हुआ। जिसका निरीक्षण तत्कालीन मंत्री मनोज पांडेय व डीएम सहित कई अधिकारियों ने किया।
लेकिन उसके बाद भी अधिकारी नहीं चेते। जिसके चलते डीएम कृष्णा करूनेश ने मामले में कार्रवाई के निर्देश देते हुए संस्था के परियोजना प्रबंधक/ एक्सईएन बनी सिंह व जेई राहुल कुमार मौर्य के खिलाफ 25 दिन पूर्व कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन अभी मामले में पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिससे शहर जलमग्न हो रहा है। लेकिन पुलिस की मेहरबानी निर्माण कार्य पर पानी डाल रही है।
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर की समस्या के निस्तारण में बाधा बनने वाले कारकों से सख्ती से निपटा जाएगा।