राशन डीलर के खिलाफ गरजीं महिलाएं
- डीलर पर फार्म जमा नहीं कराने का लगाया आरोप
- जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। क्षेत्र के उबारपुर गांव में राशन कार्ड नहीं बनने पर बुधवार को महिलाओं ने प्रदर्शन कर डीलर पर फार्म जमा नहीं करने का आरोप लगाया।
हापुड़ ब्लाक से जुड़े उबारपुर व हाफिजपुर एक ही पंचायत का हिस्सा है, जिसकी आबादी 6 हजार की है। दोनों गांवों में कई ऐसे पात्र लोग हैं जिनका कार्ड नहीं होने के कारण राशन नहीं मिल रहा है। इसके विरोध में महिलाओं ने डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही महिलाओं ने डीलर पर राशन कार्ड फार्म जमा न करने का आरोप लगाया।
गांव निवासी खातून ने बताया कि एक साल पहले राशन कार्ड बनवाने के लिए फार्म भरा था, लेकिन अब तक उनका राशन कार्ड नहीं बना है। प्रदर्शन करने वालों में शकीला, नोरीना, रेशमा, मुनेजा, नगीना, गुलशन, इमराना, परवीन, मुनजरीन, शबाना, नुसरत, मुकीम, फईमुद्दीन, नाजरीन, नफीस, इमराना, छोटन, नफीसा, लीलू, अफसर उपस्थित थीं।
ग्राम प्रधान सिमरन चौधरी का कहना कि कुछ फार्म निरस्त हो गए थे। इस कारण समस्या पैदा हो रही है। जल्द नए फार्म भरवाकर राशन कार्ड बनवा दिए जाएंगे।
जिला आपूर्ति अधिकारी विकास गौतम का कहना है कि मामले की जांच करायी जाएगी। यदि कहीं खामी पाई जाती है तो कार्रवाई होगी।