पालिका के स्वच्छता अभियान को पुलिस लगा रही पलीता
हापुड़। नगर पालिका परिषद के अधिकारी शहर को स्वच्छ बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रात दिन अभियान चला रहे हैं। वहीं पुलिस की लापरवाही से इस अभियान को पलीता लगता नजर आ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शहर को स्वच्छ बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पालिका के अधिकारी सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। शहर के सरकारी भवनों की दीवारों पर तरह तरह की पेंटिंग बनायी जा रही हैं। लेकिन पुलिस महकमे को इस अभियान से कोई मतलब नहीं है। इसका अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि आनन्द विहार में कलक्ट्रेट को जानी वाली मुख्य सड़क पर पुलिसकर्मियों ने कबाड़ हुए कई ट्रक खड़े कर उनकी हवा निकाल दी है। इन ट्रकों के खड़े होने से आधी सड़क घिरी रहती है। जिलाधिकारी अदिति सिंह की कार भी इसी सड़क से होकर गुजरती है, लेकिन शायद उन्हें इस मुख्य सड़क पर अतिक्रमण नजर नहीं आता।