मुआवजा न मिलने पर
किसान ने तोड़ा दम
हापुड़। गांव सिरोधन में एनएच-235 के लिए अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा न मिलने पर सदमे में किसान शहजाद सिंह ने दम तोड़ दिया। मुआवजे के लिए गांव में चल रहे धरने पर भी वह बैठे थे, लेकिन प्रशासन ने दबाव डाल कर एनएच का काम शुरू करा दिया। बताया जाता है कि किसान शहजाद सिंह की दो हजार वर्ग मीटर जमीन का मुआवजा सहखातेदार के खाते में भेज दिया गया था। काफी भाग दौड़ के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला। इसी सदमे में किसान शहजाद सिंह की मौत हो गई।
मृतक के पुत्र सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एनएच-235 निर्माण के लिए उनकी दो हजार वर्ग मीटर जमीन अधिग्रहीत की गई थी। जमीन के मुआवजे का पैसा उनके पिता के खाते में न आकर सहखातेदार के खाते में भेज दिया गया। काफी प्रयास के बाद भी मुआवजे की राशि उनके खाते में नहीं आ सकी। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को उपजिलाधिकारी हनुमान प्रसाद मौर्य और पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दबाव डालकर हाईवे पर काम शुरू करा दिया। इसके सदमे में उनके पिता ने दम तोड़ दिया। मुआवजे को लेकर गांव सिरोधन में मुआवजे को लेकर किसानों का धरना पिछले कई दिनों से चल रहा है। उधर, उपजिलाधिकारी हनुमान प्रसाद मौर्य का कहना है कि शहजाद सिंह की बीमारी से मौत हुई है या किसी और कारण से, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।