बस से उतरते उसकी चपेट में आने से अधेड़ की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार शाम बस से उतरने के दौरान पहिए की चपेट में आकर एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल के आधार पर शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
दिल्ली लाइन की एक बस बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे बदरखा मोड़ से होकर गढ़ को आ रही थी, तभी फ्लाई ओवर के पास बस की गति कम होने पर हापुड़ निवासी अहसान खां (50) पुत्र मुंशी खान बस से नीचे उतरने लगे। जल्दबाजी में पैर फिसलने से वह बस के पहिए की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से कॉल करने पर मृतक की शिनाख्त हुई। उसके बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। यहां परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसएसआई सुभाष यादव ने बताया कि मृतक अहसान खां के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बस को कब्जे में लेकर दोषी चालक की तलाश की जा रही है।